ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योग गुरु बाबा रामदेव आज शहरवासियों को योग कराएंगे। बृहस्पतिवार को ओएनजीसी के अंबेडकर ग्राउंड में प्री-योग दिवस पर वह योग दिवस के मद्देनजर योगाभ्यास कराने पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत कई अति विशिष्ट लोग मौजूद रहेंगे। इससे पहले बुधवार को शहरी विकास सचिव आरके सुधांशु और अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून आने का कार्यक्रम है। योग दिवस पर प्रधानमंत्री के साथ करीब 60 हजार लोगों को योग कराने का लक्ष्य है। प्रशासन पिछले 15 दिनों से एफआरआई के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को प्री-योग दिवस आयोजित किया जाएगा। इसमें बाबा रामदेव योगाभ्यास कराएंगे। इस कार्यक्रम में भी हजारों लोगों के अलावा राज्यमंत्री भारत सरकार (आयुष मंत्रालय) श्रीपद् येसो भी पहुंचेंगे। बुधवार को सचिव शहरी विकास आरके सुधांशु और जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने साउंड सिस्टम, स्टेज पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने प्री-योग दिवस के दौरान मैदान के भीतर विभिन्न व्यवस्थाओं को देखने के लिए अलग-अलग अधिकारियों को नियुक्त करते हुए उनकी जिम्मेदारियां तय कीं। उन्होंने जल संस्थान से पेयजल, नगर निगम को साफ सफाई, मोबाइल टॉयलेट, लोनिवि को स्टेज, टेंट, बैठने की व्यवस्था और अधूरे सभी कार्यों को देर रात तक पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, नगर मजिस्ट्रेट मनुज गोयल, अपर जिलाधिकारी बीर सिंह बुदियाल, अरविंद पांडेय, निदेशक आयुष अरुण कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।