ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
शहर के नालापानी क्षेत्र में जल संस्थान के अधिकारियों को पानी की समस्या बताने पर एक व्यक्ति ने अभद्रता का आरोप लगाया है।
वहीं, अधिकारियों ने आरोपों को गलत बता क्षेत्र में कोई समस्या न होने का दावा किया है।
नालापानी निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उनके इलाके में पिछले छह दिन से पानी की समस्या बनी हुई है। सुबह और शाम को महज आधे घंटे जलापूर्ति की जा रही है जो गर्मी को देखते हुए पर्याप्त नही है। जलापूर्ति कब हुई और कब बंद हो गई? इसका पता ही नही चलता। जल संस्थान के क्षेत्र के एई और अन्य अधिकारियों से फोन पर समस्या की शिकायत की गई। आरोप है कि समस्या का समाधान करने के बजाए उन्होंने उनसे अभद्रता की। उधर इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता यशवीर मल्ल से बात की गई तो उन्होंने दावा किया कि नालापानी इलाके में सुबह शाम ढाई घंटे जलापूर्ति की जा रही है। अगर कहीं पानी की समस्या है तो उस इलाके में टैंकर भेजा जा रहा है। जल संस्थान की ओर से कुछ इलाकों में संकरी गलियों में लोडर से पानी देने का प्रयास किया जा रहा है।
.........................
लो-वोल्टेज से सप्लाई प्रभावित
जलसंस्थान के अफसरों के मुताबिक गर्मी के चलते शहर में लो-वोल्टेज की वजह से कई नलकूपों से होने वाली सप्लाई प्रभावित हो रही है। इनमें करनपुर, डीएवी कॉलेज, तिब्बती मार्केट, इंदर रोड, अंसारी मार्ग, मातावाला बाग, सर्वे चौक, टैगोर विला, नगर निगम, त्यागी रोड, मद्रासी कॉलोनी, तहसील परिसर आदि शामिल हैं। इस संबंध में बिजली विभाग के अफसरों से शिकायत की गई है।