15 अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालन को मंजूरी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
जिलाधिकारी एसए मुरूगेशन की अध्यक्षता में मंगलवार को पीसीपीएनडीटी जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई, जिसमें राजधानी में 15 नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालन को मंजूरी दी गई। साथ ही नवीनीकरण नहीं कराने वाले केंद्रों के संचालकों को नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला निगरानी समिति को निर्देशित किया कि समय-समय पर अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत ऐसे सभी अस्पताल जहां प्रसव की सुविधा उपलब्ध है, उनके यहंा प्रसव की माहवार जानकारी का विवरण मुहैया कराने के निर्देश दिए।
बैठक में दून नर्सिंग होम की शिकायत के संबंध में कार्रवाई करने, हरीश भाटिया दून एमआरआई क्रास रोड के ओपीडी रजिस्टर में कमियां पाए जाने पर अंतिम चेतावनी नोटिस जारी करने और जैन वीडियो आन व्हील्स की वैधता अवधि समाप्त होने के बाद मोबाइल वैन की पोर्टेबल मशीन को सील करने के निर्देश जारी किए गए।
बैठक में सीएमओ डॉ. वाईएस. थपलियाल, डॉ. एनके मिश्रा, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. संजीव दत्त, जिला शासकीय अधिवक्ता अपराध जेपी रतूडी, जिला समन्वयक ममता बहुगुणा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।