ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
महिलाओं को सुरक्षा भाव के साथ घर तक छुड़वाने की देहरादून में पुलिस की अनूठी पहल ‘सुखद’ सेवा रविवार से शुरू हो गई। यातायात निदेशक केवल खुराना ने सुखद सेवा के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह निशुल्क यात्रा सेवा महीने के आखिरी रविवार को चलेगी। पहले ही दिन एक हजार महिलाओं और लड़कियों ने सुखद सेवा में सफर किया।
सिटी बसों-ऑटो में महिलाओं और लड़कियों के साथ अक्सर छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं। अधिकांश महिलाएं पुलिस में शिकायत करना तो दूर मनचलों का विरोध नहीं कर पाती हैं। महिलाओं में आत्म सुरक्षा की भावना बढ़ाने, उन्हें सुरक्षित उनके घर छोड़ने और पुलिस से झिझक दूर करने के मकसद से यातायात निदेशालय ने देहरादून में सुखद सेवा शुरू की है। रविवार को सेवा की शुरुआत यातायात निदेशक केवल खुराना ने की। खुराना ने सुखद सेवा के सभी प्वाइंटों में जाकर फीडबैक लिया।
देहरादून में सुखद सेवा 12 जगहों से शुरू की गई है। सेवा सुबह दस बजे से रात दस बजे तक मिलेगी। सुखद सेवा में 30 वाहनों को लगाया गया है। हर प्वाइंट पर स्टॉल लगाकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात कंट्रोल रूम में भी सुबह नौ बजे से रात 11 बजे तक सेवा के समन्वय के लिए ड्यूटी लगाई गई है। शाम चार बजे तक एक हजार महिलाओं और लड़कियों ने सुखद सेवा में सफर किया। रात 11 बजे तक इनकी संख्या दोगुनी हो सकती है।
.................................
यहां हैं सुखद सेवा के स्टॉप
रिस्पना पुल, घंटाघर, बल्लीवाला, तहसील चौक, सर्वे चौक, धर्मपुर, बल्लूपुर चौक, आईएसबीटी, कारगी चौक, दिलाराम चौक, लाखन और लैंसडॉन चौक।
.......................
कोट
देहरादून में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सुखद सेवा शुरू की गई है। सेवा की काफी सराहना हुई है। भविष्य में यातायात निदेशालय की ओर से अन्य शहरों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। इससे महिलाओं में सुरक्षा का भाव बढ़ेगा। - केवल खुराना, यातायात निदेशक .......................
सोशल मीडिया पर सेवा की सराहना
सुखद सेवा की सोशल मीडिया पर भी खूब सराहना की गई है। फेसबुक पर यातायात निदेशालय उत्तराखंड के पेज पर सुखद सेवा शुरू करने पर लोगों ने कमेंट कर बधाइयां दी हैं। सेवा शुरू होने की एक पोस्ट पर पांच हजार से अधिक लोगों ने लाइक किया है।
..............................
सवारियों ने पुलिस की प्रशंसा की
सुखद सेवा में सफर करने वाली युवतियों ने पुलिस की इस पहल की खूब सराहना की। घंटाघर स्टॉप से सफर करने वाली सुचेता ने कहा कि महिलाओं में इससे सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। छेड़छाड़ जैसी घटनाएं बंद होंगी। शिप्रा खत्री और रिचा असवाल ने पुलिस का आभार जताया। कहा कि पुलिस ने महिलाओं का संडे स्पेशल कर दिया है। सवारी करने वाली महिलाओं और युवतियों ने फीड बैक फार्म भी भरा।
.......................
वाहन स्वामियों को पांच सौ रुपये और ईंधन
सुखद सेवा के लिए पुलिस ने 30 वाहनों को हायर किया है। इनके चालकों को प्रशिक्षण देने के साथ एक दिन का पांच सौ रुपये और किमी के हिसाब से ईंधन दिया जा रहा है।
.........................................