ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
रायपुर क्षेत्र में दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री कराकर 16 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित पक्ष मौके पर कब्जा लेने गया तो इस जालसाजी का खुलासा हुआ। एसआईटी जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद रायपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्लेमेंटाउन के मोहब्बेवाला निवासी जानकी देवी ने एसआईटी में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसने हेमेंद्र सिंह नेगी निवासी रायपुर से सितंबर 2017 में प्लाट खरीदा गया था। 16 लाख रुपये का भुगतान लेकर आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री करा दी थी। मौके पर कब्जा लेने का प्रयास किया गया तो पता चला कि जालसाजी से दूसरे की जमीन उनके नाम कराई गई है। एसआईटी जांच में आया कि हेमेंद्र नेगी ने मालकिन माया देवी त्रिपाठी के नाम पर दूसरी महिला खड़ी कर यह खेल किया था। आरोप की पुष्टि होने के बाद पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए। रायपुर इंस्पेक्टर हेमेंद्र नेगी ने बताया कि जांच में यह भी आया है कि आरोपी को असली नाम हेमेंद्र नेगी नहीं है। आरोपी ने नाम बदलकर यह जालसाजी की है।