लोक नृत्य में पाबौ ब्लॉक ने मारी बाजी
-- पौड़ी जिला स्तरीय सपनों की उड़ान प्रतियोगिता के अंतिम दिन पहुंचे डीईओ
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती । सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिला परियोजना पौड़ी के तत्वावधान में लक्ष्मणझूला में आयोजित जनपद स्तरीय दो दिवसीय सपनों की उड़ान प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। इस मौके पर प्रतियोगिता में अव्वल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतिस्पर्धा में पौड़ी जिले के सभी 15 विकासखंडों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शुक्रवार को लक्ष्मणझूला स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्र के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। डीईओ ने सरकारी विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के तहत लोक नृत्य में उच्च प्राथमिक स्तर पर पाबौ ने प्रथम और बीरोंखाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समुदाय लोक नृत्य में पौड़ी ब्लॉक प्रथम और खिर्सू ब्लॉक द्वितीय स्थान पर रहा। शैक्षिक स्टॉल में यमकेश्वर ब्लॉक ने प्रथम और द्वारीखाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ प्राथमिक स्तर पर रिखणीखाल के अमन कुमार प्रथम और पौड़ी की अंजलि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक स्तर पर पौड़ी की खुशी ने प्रथम और पोखड़ा की सिमरन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर पर दुगड्डा की तनु सैनी ने पहला और कोट ब्लॉक के शुभम रावत ने दूसरा स्थान हासिल किया।
नुक्कड़ नाटक में प्राथमिक स्तर पर कोट ब्लॉक ने पहला और खिर्सू ने दूसरा स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में यमकेश्वर प्रथम और पाबौ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वाद विवाद प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में पौड़ी की तानिया प्रथम और अंजलि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक में दुगड्डा की महक ने प्रथम और कल्जीखाल ब्लॉक के मनन द्वितीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मदनमोहन उप्रेती, सीआरसी नरेंद्र कैंथोला, बचन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य गीता राणा, कमलेश जोशी, महेश्वर उनियाल, सुमन नौटियाल, संतोष राय, सुनीता नौटियाल, अनिल रावत, सुषमा बहुगुणा, अरूणा भंडारी, रश्मि सकलानी, कौशल्या पोखरियाल, सुमित्रा नेगी, रेखा नेगी आदि मौजूद थे।