साहिया। 33केवी की लाइन में फाल्ट आने से जौनसार बावर के 200 से अधिक गांव में 19 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। रोजमर्रा के काम निपटाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार शाम तीन बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बुधवार रात झमाझम बारिश के बीच साधना केंद्र डुमेट आश्रम के पास बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीण सूरत सिंह, मदन सिंह, शेर सिंह, गोपाल तोमर, सतपाल चौहान, रतन सिंह, दिनेश तोमर, मुकेश वर्मा, दीवान तोमर, कुंदन सिंह, नरेंद्र सिंह आदि का कहना है कि क्षेत्र में कई जगहों पर तारें जर्जर हालत में है। ऐसे में हल्की सी हवा चलने पर लाइन में फाल्ट आ जाता है। कहा कि विभाग को सभी लाइनों को दुरस्त करना चाहिए। यूपीसीएल के सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि शाम तीन बजे लाइन में आए फाल्ट को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
इन गांव में ठप रही आपूर्ति
साहिया, पजिटिलानी, फेडूलानी, आरा, अस्टी, सलगा, बोहा, नराया, कोठा तरली, चंदोऊ, टिपोऊ, किशोऊ, सुपोऊ, खमरोली, मलेथा, हाजा, दसेऊ, गंबरी, गबेला, कोथी, कनबुआ, सकनी, अलसी, ककाड़ी, किमोठा, दातनू, मसराड़, पानुु, गड़ेता, बसाया, ललोऊ, बडनू, बराड़, समाल्टा, ददोली, थत्यो, डामटा, इच्छा, उद्पाल्टा, कुरोली, नेवी, खतासा, उपरोली, बिरमोऊ, कोरूवा समेत 200 से अधिक गांव की आबादी को अंधेरे में रात काटनी पड़ी।