भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ चलेगा अभियान
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। भिक्षावृत्ति और बालश्रम के खिलाफ जिले में एक बार फिर अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने सभी विभागों, संस्थाओं को इस संबंध में अपने-अपने क्षेत्रों में बालश्रम, भिक्षावृत्ति व बालश्रम वाले स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पूर्व में चलाए गए अभियान की भी समीक्षा की।
कुछ समय पूर्व बालश्रम और भिक्षावृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए टास्क फोर्स का गठन हुआ था। इस फोर्स ने कई जगहों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की और कई बाल भिक्षुओं और मजदूरों को मुक्त भी कराया था। जिलाधिकारी ने बुधवार शाम इस टास्क फोर्स के साथ बैठक में इन कार्रवाई की समीक्षा की। इसके बाद टास्क फोर्स में शामिल विभागीय अधिकारियों से महत्वपूर्ण सुझाव भी मांगे। डीएम ने श्रम विभाग, स्वास्थ्य, पुलिस, बाल कल्याण समिति और जिला प्रोबेशन अधिकारी व बचपन बचाओ आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं को आपसी सामंजस्य स्थापित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी विभागों से अपने स्तर से 15 दिन में पहचान करने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के आदेश दिए हैं। कहा कि अभियान के दौरान हेल्थ कैंप लगाए जाएं और भिक्षावृत्ति न करने की शपथ दिलाए जाने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।