देहरादून। तीन दिन पूर्व शासन स्तर से स्थानांतरण होने के बावजूद वन विभाग के कई अधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। सूत्रों की मानें तो कुछ अधिकारी स्थानांतरण को लेकर खुश नहीं है और वे अपना स्थानांतरण रुकवाने की जुगत में हैं। दूसरी ओर प्रमुख वन संरक्षक जयराज ने आदेश जारी किया है कि स्थानांतरित किए गए अधिकारी बुधवार तक नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।
उल्लेखनीय है कि प्रमुख सचिव (वन) आनंदवर्धन ने रविवार को दो प्रमुख वन संरक्षक, पांच अपर प्रमुख वन संरक्षक, 13 मुख्य वन संरक्षकों, आठ वन संरक्षकों समेत 30 अफसरों के तबादले कर दिए थे। प्रमुख वन संरक्षक मोनिष मल्लिक समेत कुछ अफसरों के तबादले इस प्रत्याशा में कर दिए गए थे कि जहां उन्हें तबादला किया गया है उन पदों पर तैनात अधिकारी जब 31 मार्च को सेवानिवृत्त होंगे तो स्थानांतरित किए गए अधिकारी कार्यभार ग्रहण कर लेंगे, लेकिन आदेश के बावजूद ज्यादातर अधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
सूत्रों की मानें तो स्थानांतरित किए गए कई अधिकारी अपने तबादले को लेकर खुश नहीं है और वे तबादला रुकवाने की जुगत में हैं। कई ने इसके लिए नेताओं की परिक्रमा भी की है। वहीं कई अधिकारी ऐसे हैं जो नई तैनाती पर जाने को तैयार हैं लेकिन जहां उन्हें स्थानांतरित किया गया है वहां तैनात अधिकारी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं है। दूसरी ओर प्रमुख वन संरक्षक जयराज ने आदेश जारी किया गया है कि जिन अधिकारियोें को स्थानांतरित किया गया है वे बुधवार तक नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर लें। अब देखने वाली बात यह होगी कि बुधवार को कितने अधिकारी अपना कार्यभार ग्रहण करते हैं।