ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) ने नई टैरिफ में पांच से 25 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके चलते अब निगम के बंगलों के साथ ही वाहनों का किराया महंगा हो जाएगा। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही जनवरी से नई टैरिफ के हिसाब से किराया वसूला जाएगा।
गढ़वाल मंडल विकास निगम ने अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए टैरिफ की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रबंध निदेशक ज्योति खैरवाल ने बताया कि बीते कई वर्षों से निगम की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसे देखते हुए टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। कर्मचारियों का वेतन और अन्य खर्च निकालने के बाद नए टैरिफ का निर्धारण किया गया है। इसमें पांच से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। प्रस्ताव में जिन बंगलों की बुकिंग अधिक होती है, वहां 20 से 25 प्रतिशत दरें बढ़ाने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसके अलावा पर्यटक स्थलों से दूर और कम बुकिंग वाले बंगलों की दरों में अधिकतम पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की जा सकती है। दूसरी ओर वाहनों का किराया बढ़ाने का भी फैसला किया गया है। वाहनों का किराया पांच से 20 प्रतिशत तक बढ़ने की उम्मीद है।
केवल 40 बंगलों में लागू होगा नया टैरिफ
जीएमवीएन के विभागीय अधिकारियों के मुताबिक बंगलों के कमरों का नया टैरिफ केवल 40 बंगलों पर ही लागू होगा। ये वह बंगले हैं, जहां पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। जिन बंगलों के कमरों का टैरिफ बढ़ने की संभावना है, उनमें एनेक्सी, टूरिस्ट रेस्ट हाउस, टेंट, यात्री निवास, एसी, नॉन एसी, सुपर डीलक्स के कमरे शामिल हैं।
---
निगम की आय बढ़ाने के लिए बंगलों के टैरिफ को नए सिरे से तैयार किया गया है। जनवरी से नया टैरिफ लागू करने की योजना है।
-ज्योति खैरवाल, प्रबंध निदेशक, जीएमवीएन