ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
एक बार फिर मसूरी की खूबसूरत वादियां बडे़ पर्दे पर देखने को मिलेंगी। 26 अक्तूबर को देश भर के सिनेमा घरों में फिल्म ‘काशी इन सर्च ऑफ गंगा’ रिलीज हो रही है। भाई बहन के प्यार पर आधारित इस फिल्म को बनारस, मुंबई समेत मसूरी की वादियों में फिल्माया गया है।
प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग को लेकर फिल्म निर्माताओं की मसूरी पहली पसंद रही है। ऐसे में एक बार फिर ‘काशी इन सर्च ऑफ गंगा’ में मसूरी की वादियों में अभिनेता अभिनय करते नजर आएंगे। निर्देशक धीरज कुमार ने बताया कि काशी भाई बहन के प्यार की कहानी है। इसमें भाई (काशी) के मुख्य किरदार में शरमन जोशी और बहन (गंगा) के किरदार में सहारनपुर की प्रियंका सिंह मुख्य भूमिका में हैं। गंगा का किरदार निभाने वाली प्रियंका सिंह का कहना है कि इस फिल्म से उन्हें नई पहचान मिली है। फिल्म की रिलीजिंग को लेकर वह बहुत उत्साहित हैं। फिल्म के लेखक मनीष किशोर और निर्देशक धीरज कुमार के साथ ही प्रियंका सिंह की यह पहली फिल्म है। प्रियंका ने कहा कि शरमन जोशी जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम करना एक अच्छा अनुभव रहा। प्रियंका ने कई टीवी शो और विज्ञापनों में भी काम किया है। निर्देशक धीरज ने कहा कि फिल्म में भाई बहन के प्यार समेत बनारस की गलियां, गंगा, कुल्लड़ की चाय को एक नए रूप में दर्शाया गया है।