पदयात्रा के माध्यम से लोगों को देंगे उपलब्धियों की जानकारी
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मंगलवार को 150 कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा शुरू कर दी। वे मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आगामी 15 दिनों तक पदयात्रा करेंगे। इस दौरान लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की उपब्धियों की जानकारी देंगे।
विधायक जोशी ने मंगलवार को नेशविला रोड स्थित पथरियापीर अनुसूचित बस्ती से पदयात्रा शुरू की। इससे पहले उन्होंने भाजपा नेता कैलाश पंत के साथ राष्ट्रपिता गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने पदयात्रा के दौरान लोगों से स्वच्छता का आह्वान किया। पदयात्रा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पहले दिन पथरिया पीर बाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर नेशविला रोड, डोभालवाला स्कूल से अहीर मंडी से होते हुए हाथीबड़कला बाजार से होकर विजय कॉलोनी पहुंची। इसके बाद हाथीबड़कला गांव से सालावाला होते हुए मयूर ऑटो के पास पदयात्रा का विश्राम हुआ। पहले दिन भाजपाइयों ने 10 किलोमीटर पदयात्रा पूरी की। पदयात्रा में मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, महामंत्री सुरेंद्र राणा, सुंदर सिंह, जिला पंचायत सदस्य संध्या थापा, निर्मला थापा, ज्योति कोटिया, निवर्तमान पार्षद नंदनी शर्मा, सविता गुरुंग, अनिल डबराल, सत्येंद्र नाथ, प्रदीप रावत, सिकंदर सिंह, जयपाल भंडारी आदि शामिल रहे। मंडल महामंत्री सुरेंद्र राणा ने बताया कि बुधवार को पदयात्रा राजपुर रोड स्थित कन्या गुरुकुल से शुरू होगी। पदयात्रा आर्यनगर, मयूर विहार, मंदाकिनी विहार, अमन विहार से गोविंद नगर, सहस्त्रधारा रोड होते हुए धौरण, राजेश्वर नगर, सौधोंवाली, गंगोत्री विहार, चिढ़ोवाली हाते हुए कंडोली पुल पहुंचेगी।