ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस और उत्तराखंड परिवहन महासंघ के आह्वान पर देहरादून ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने सोमवार को चौथे दिन भी हड़ताल जारी रखी। इससे प्रदेशभर में 50 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित रहा। एसोसिएशन से जुड़े ट्रक ऑपरेटर्स ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। साथ ही जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
उत्तराखंड परिवहन महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दलजीत सिंह मान ने कहा कि सरकार ट्रक ऑपरेटर्स की मांगों को पूरा नहीं कर रही है। हड़ताल को चार दिन हो गए, लेकिन अभी तक सरकार का कोई प्रतिनिधि उनके पास नहीं आया। मान ने बताया कि ट्रक ऑपरेटर्स देश में टोल बैरियर हटाने के साथ ही रोड सेफ्टी बिल में संशोधन, डीजल की कीमतोें को कम करने आदि मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इस मौके पर संगठन के प्रधान हरभजन सिंह मान, महामंत्री अशोक ग्रोवर, वरिष्ठ प्रधान गुलजार सिंह, उपप्रधान गुरबख्श सिंह, उपसचिव नवनीत ओबराय, कोषाध्यक्ष राजकुमार नागपाल, उपकोषाध्यक्ष दलबीर सिंह कलेर, दून कैरीइंग के दीपक अग्रवाल, वरिष्ठ मंत्री अजय कथूरिया, संगठन मंत्री दिलावर सिंह समेत बड़ी संख्या में ट्रक ऑपरेटर्स मौजूद रहे।