ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों के बाद भट्टा गांव की खूबसूरती अब दक्षिण भारतीय फिल्म में भी दिखेगी। दक्षिण के सुपरस्टार एवं मशहूर अभिनेता रजनीकांत की आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए मसूरी-दून मार्ग स्थित भट्टा गांव में सेट तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में शूटिंग के लिए और लोकेशन भी तलाशी जा रही है। बीते कुछ दिनों से देहरादून के गुनियाल गांव में रजनीकांत इस फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 22 जुलाई से मसूरी के भट्टा गांव, लाल टिब्बा, वुडस्टाक स्कूल और माल रोड समेत कुछ अन्य लोकेशनों पर फिल्म की शूटिंग की जाएगी। इसी क्रम में शुक्रवार से भट्टा गांव में फिल्म की शूटिंग के लिए सेट तैयार किया जा रहा है। यहां फिल्म के कुछ दृश्य फिल्माए जाएंगे। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत की यह फिल्म बड़े बजट की बताई जा रही है। भट्टा निवासी आशीष रावत, राकेश रावत और गौरव रावत ने बताया कि उनके गांव में बॉलीवुड की कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इसमें हाल ही में स्टूडेंट ऑफ द ईयर टू, बत्ती गुल मीटर चालू, आदि फिल्में शामिल हैं। अब दक्षिण भारतीय फिल्म की शूटिंग होने जा रही है, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में खुशी है। उन्होंने कहा कि उनके गांव और मसूरी में शूटिंग से स्थानीय व्यापारियों को भी रोजगार मिलेगा।