ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने समय पर वेतन भुगतान समेत आठ सूत्री मांगें पूरी नहीं होने पर कल (रविवार) से कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मांगें पूरी करने की बात कही।
शुक्रवार को परिषद के महामंत्री रामचंद्र रतूड़ी के नेतृत्व में पदाधिकारी प्रबंध निदेशक बृजेश कुमार संत से मिले। उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। बीती दो जनवरी को हुए समझौते में विशिष्ट श्रेणी के कर्मचारियों का मानदेय 18 हजार करने की बात पर सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक इस पर भी कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह संविदा पर रखे जाने वाले 424 परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई है। उन्होंने जल्द मांगें पूरी करने की बात कही। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर रविवार से कार्यबहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह जीना, दिनेश गुसाईं आदि मौजूद रहे।