ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सूबे के मुखिया त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में 31 जुलाई से प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूर्णत: प्रतिबंधित करने का फैसला किया है। इसके तहत पॉलिथीन के थोक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि 31 जुलाई से पहले स्टॉक को खत्म कर लें। इससे पहले प्रदेश में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को दौड़वाला में मिशन रिस्पना से ऋषिपर्णा के अंतर्गत पौधरोपण के लिए तैयार गड्ढों का निरीक्षण किया। मिशन के अंतर्गत रिस्पना के उद्गम शिखर फॉल से मोथरोवाला-दौड़वाला तक कुल 32 किलोमीटर के क्षेत्र में 2.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस मौके पर सीएम रावत ने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की मेजबानी भारत कर रहा है। वहीं, जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कहा कि पौधेरोपण के लिए 39 ब्लॉक बनाए गए हैं। इस दौरान विधायक विनोद चमोली, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, गढ़वाल राइफल के जवानों और स्थानीय लोगों ने पौधरोपण के लिए गड्ढे तैयार किए।