ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
सेंट जोजफ्स एकेडमी में चल रहे तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘कनफ्लूएंस-2018’ का शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। बच्चों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर समा बांध दिया। वहीं, छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत किया गया शास्त्रीय नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में डफी सदन अव्वल रहा, जबकि डोनोवन सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया।
शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार सतीश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसे मौजूद लोगों ने खूब सराहा। शास्त्रीय नृत्य, एड मेनिया, कॉयर के साथ ही पश्चिमी संस्कृति पर आधारित नृत्य पर छात्रों ने शानदार प्रस्तुतियां दी। विद्यालयों के चारों सदनों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई, जिसमें डफी सदन ने पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं डोनोवन सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य ब्रदर बाबू वर्गीस ने सभी टेक बोर्ड सदस्यों को बैज पहनाया। निर्णायक की भूमिका ब्रदर विनॉय, पी खन्ना, एन अहमद, दिव्या दुबे, अनीता भाटिया, हसन, प्रीति आहूजा, मीनल वशिष्ठ, विलसन, सुमित गुप्ता ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान शिक्षकों के साथ ही काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।