ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अमूल्य जीवन विकास चैरिटेबल सोसायटी के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित रक्तदान शिविर में 26 रक्तदाताओं ने महादान किया। अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित शिविर में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ब्लड बैंक की टीम ने रक्त एकत्रित करने के साथ ही लोगों को सुरक्षित रक्तदान के संबंध में जानकारी भी दी।
शनिवार को चंद्रबनी चोइला स्थित भुत्तोवाला चौक पर सोसायटी ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर का शुभारंभ अध्यक्ष बृजपाल सिंह ने किया। उन्होंने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि खून की जरूरतों को केवल रक्तदान के जरिये ही पूरा किया जा सकता है। हैप्पी, गणेश चंद्र, सुमित, लक्ष्मण, डॉ. एसके तोमर, शुभम, मुकेश गुप्ता, सार्थक गुप्ता, विक्रम, रविंद्र, नीटू समेत अन्य ने आयोजन में सहयोग दिया।
बृजपाल सिंह ने बताया कि पिछले एक वर्ष में सोसायटी ने देशभर में 81 रक्तदान शिविर, 14 नेत्र जांच शिविर, दो विकलांग शिविर, 13 स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरुकता शिविर समेत कई सामाजिक गतिविधियां आयोजित कीं। समाज के हजारों लोगों को इनका लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी समाज उपयोगी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करती रहेगी।