ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड वन आरक्षी संघ ने वन विभाग में वन दारोगा के 33 फीसदी पदों पर सीधी भर्ती के विरोध में शनिवार को प्रमुख वन संरक्षक कार्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद पांडे ने कहा कि शीघ्र ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 27 मार्च से संगठन से जुड़े वन आरक्षी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
प्रमुख वन संरक्षक कार्यालय में धरना दे रहे वन रक्षकों ने वन दारोगा के पदों पर सीधी भर्ती का विरोध करते हुए कहा कि पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए। वन दारोगा के शत प्रतिशत पदों को प्रमोशन से भरा जाए। यदि सीधी भर्ती से पदों को भरा गया तो उनके प्रमोशन प्रभावित होंगे। वहीं, वन आरक्षी संघ ने वन संरक्षक कार्यालय, शिवालिक वृत्त में भी धरना दिया। धरने देने वालों में दीपक उनियाल, आशीष कोठारी, प्रकाश अंथवाल, गोविंद सिंह, गुरमीत सिंह, राजेश बहुगुणा, मनोज कुकरेती, प्रमोद, दीप सिंह राणा, आशुतोष चौहान, हरपाल गुसाईं, अमरीक सिंह, विकास आदि शामिल रहे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शनिवार को संगठन से जुड़े वन रक्षकों ने वन संरक्षक कार्यालय देहरादून के अलावा हरिद्वार, लैंसडौन, नरेंद्रनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ आदि जनपदों में रेंज एवं प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में धरना दिया गया।