फिर उड़ा तबादला एक्ट का मखौल
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। तबादला एक्ट लागू होने के बावजूद सरकारी विभागों में तबादलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक्ट के अनुसार तबादले की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही तबादलों का खेल जारी है। ताजा मामला लोक निर्माण विभाग का है, जहां दो मुख्य अभियंताओं को इधर से उधर कर दिया गया, जबकि एक को एडिशनल चार्ज दिया गया है।
तबादला कानून को लेकर प्रदेश सरकार अपनी खूब पीठ थपथपा रही है। एक साल की उपलब्धियों की सूची में तबादला कानून सबसे ऊपर है। इस संबंध में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने सभी विभागों को एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लेकिन इन आदेशों से इतर विभागीय स्तर पर एक-एक करके तबादलों का खेल जारी है। मंगलवार को शासन स्तर पर लोक निर्माण विभाग के दो चीफ इंजीनियर व एक अधीक्षण अभियंता का तबादला आदेश जारी किया गया। अल्मोड़ा में मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई बीएन तिवारी का तबादला इसी पद देहरादून कर दिया गया है। हल्द्वानी में मुख्य अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग अयाज अहमद को मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई पद पर अल्मोड़ा भेजा गया है। नैनीताल में अधीक्षण अभियंता पद पर तैनात दिलीप सिंह नंबियाल को वर्तमान पद के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग हल्द्वानी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
उधर, एक्ट लागू होने के बावजूद मध्य में दो मुख्य अभियंताओं का तबादला किए जाने पर अपर मुख्य सचिव (लोनिवि) ओमप्रकाश का कहना है कि दोनों अफसरों का निर्धारित कार्यकाल पूरा हो गया था। कार्यकाल पूरा होने के बाद ही उनका तबादला किया गया।