ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
हाथीबड़कला स्थित सेवा केंद्र में आयोजित पासपोर्ट मेले में शनिवार को बड़ी संख्या में आवेदक पासपोर्ट बनवाने पहुंचे। शाम छह बजे तक आवेदकों के पासपोर्ट के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं। मेले में करीब 475 लोगों की अंगुलियों के बायोमीट्रिक निशान लेने के साथ ही उनके दस्तावेज जमा कराए गए। पुलिस सत्यापन रिपोर्ट आते ही आवेदकों को पासपोर्ट जारी होंगे।
उत्तराखंड में प्रतिमाह औसतन साढ़े आठ हजार से अधिक पासपोर्ट आवेदन होते हैं। लगातार बढ़ती आवेदनों की संख्या को देखते हुए हर माह पासपोर्ट मेला आयोजित कर पासपोर्ट बनाए जा रहे हैं। वहीं, फरवरी माह में कुमाऊं मंडल में चार पासपोर्ट सेवा केंद्र भी खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को हाथीबड़कला स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में आयोजित मेले के लिए पांच सौ आवेदकों को अप्वाइंटमेंट दिए गए थे। पांच सौ लोगों के आवेदन होने पर मेले में उन्हें जरूरी औपचारिकताओं के लिए बुलाया गया था।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा के मुताबिक, सुबह ऑफिस खुलने से पहले ही आवेदकों की भीड़ जुट गई थी। शाम छह बजे तक पासपोर्ट बनाने की औपचारिकताएं पूरी हुईं। आवेदकों में युवाओं की संख्या अधिक थी। पौने पांच सौ में 160 आवेदक देहरादून जिले से थे। आवेदकों की फोटो खींचने, दस्तावेज चेक होने और अंगुलियों के बायोमीट्रिक निशान लेने के बाद फाइल ऑनलाइन संबंधित जिलों के थानों को सत्यापन के लिए भेज दी गई है। पुलिस सत्यापन की रिपोर्ट आते ही पासपोर्ट जारी कर दिए जाएंगे।