दुर्घटना में दो की मौत हुई तो एसपी को जाना होगा घटनास्थल
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
प्रदेश में यदि किसी दुर्घटना में दो या उसके अधिक लोगाें की जान गई तो एसपी को अनिवार्य रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर यह रिपोर्ट देनी होगी कि हादसे की वजह क्या है। मैदानी क्षेत्रों में एसपी तो पहाड़ी क्षेत्रों में स्वयं कप्तान को जाना होगा। ऐसे हादसों को अब से एसआर (स्पेशल रिपोर्ट) की श्रेणी में रखा जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने शनिवार को यह आदेश जारी कर दिया है।
पिछले साल में प्रदेशभर में 1600 हादसों में करीब 953 लोगों की जान गई है। ट्रैफिक निदेशालय ने ऐसे दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कराया है, जहां पर दो या उससे अधिक लोगाें की मौत हुई। ऐसे 108 स्थान पाए गए है। उधम सिंह नगर जिले में 26 स्थानों पर ज्यादा मौत हुई। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी 13-13 की संख्या को लेकर दूसरे नंबर पर है।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि हादसे में दो या उससे अधिक मौत को अब स्पेशल रिपोर्ट की श्रेणी में रखा गया है। मैदानी जिलों देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल में ऐसे दुर्घटना स्थलों का एसपी सिटी अथवा एसपी ट्रैफिक द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। नौ पहाड़ी जिलों में पुलिस कप्तान को यह जिम्मेदारी निभानी होगी। दुर्घटना स्थल को देखकर रिपोर्ट देनी होगी कि हादसा किस वजह से हुआ है, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति को टाला जा सके।
पहली वीडियो कांफ्रेंस नौ को
ट्रैफिक निदेशालय की वीडियो कांफ्रेंस नौ फरवरी को प्रस्तावित है। डीजीपी और अन्य अधिकारी प्रत्येक जिले के कप्तान और एसपी ट्रैफिक के साथ यातायात सुधार पर मंथन करेंगे। निदेशक केवल खुराना के मुताबिक ट्रैफिक को लेकर प्रदेश में यह पहली वीडियो कांफ्रेंस है।