ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में टिहरी (प्रथम) और महिला वर्ग में देहरादून की टीम विजेता रही। वहीं, कबड्डी महिला वर्ग में देहरादून व पुरुष वर्ग में हरिद्वार की टीम विजेता रही। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मिनी स्टेडियम ननूरखेड़ा और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में बुधवार को 35-55 आयु वर्ग में महिला व पुरुष वर्ग के मुकाबले हुए। पुरुष वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में टिहरी (प्रथम) ने देहरादून (चकराता) को 2-1, देहरादून (एसएलवी) ने पौड़ी को 2-0, देहरादून (गुजराड़ा) ने चमोली को 2-0, टिहरी प्रथम ने देहरादून (विकासनगर) को 2-1, टिहरी द्वितीय ने रुद्रप्रयाग को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में टिहरी (प्रथम) ने देहरादून (एसएलवी) को 2-0 और दूसरे सेमीफाइनल में टिहरी (द्वितीय) ने देहरादून (गुजराड़ा) को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। फाइनल मुकाबले में टिहरी (प्रथम) ने टिहरी (द्वितीय) को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। देहरादून (गुजराड़ा) को 2-0 से हराकर देहरादून (एसएलवी) की टीम तीसरे स्थान पर रही।
महिला वर्ग में देहरादून ने अल्मोड़ा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। ऋषिकेश की टीम तीसरे स्थान पर रही। कबड्डी महिला वर्ग में देहरादून ने पहला, ऋषिकेश ने दूसरा और अल्मोड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में हरिद्वार को पहला और देहरादून को दूसरा स्थान मिला।