सड़क पर उतरे डीआईजी, अतिक्रमण हटाने के निर्देश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
डीआईजी पुष्पक ज्योति ने द्रोण चौक के वन-वे को लेकर हुई फजीहत से पुलिस को उबारने को दूसरे दिन सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कई चौराहों के अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। उधर, वन-वे में दुपहिया वाहन चालकों को छूट दिए जाने के कारण पूरे दिन यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।
द्रोण चौक को वन-वे करने से शहर में कई दिनों तक जाम की स्थिति रही। अधिकारियों ने कई स्तर पर समीक्षा के बाद पूरी तैयारी से वन-वे व्यवस्था लागू करने को कहा था। इसी परिपेक्ष्य में दुपहिया वाहन चालकों को द्रोण चौक से दून अस्पताल रोड़ पर जाने की इजाजत दी गई। पुलिस उप महानिरीक्षक पुष्पक ज्योति ने बुधवार को वन-वे को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर सुधार की रणनीति तैयार की। बृहस्पतिवार सुबह डीआईजी ने घंटाघर, दर्शन लाल चौक, तहसील चौक, इनामुल्ला बिल्डिंग, अग्रसेन चौक, सहारनपुर चौक और आढ़त बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे खड़ी ठेलियों और फुटपाथ पर रखे सामान को तत्काल हटाने को कहा। इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों का पुलिस एक्ट में चालान करने की हिदायत दी। वहीं फायर स्टेशन के यू टर्न पर पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश सीओ सिटी को दिए। कचहरी और पुलिस कार्यालय आने वाले लोगों से अग्रसेन चौक से छप्पन भोग वाले रास्ते का उपयोग करने को कहा। निरीक्षण के बाद डीआईजी ने एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह, सीओ सिटी चंद्रमोहन नेगी आदि के साथ बैठक की।