ब्यूरो/अमर उजाल/ देहरादून।
राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सीवर लाइन डालने और कनेक्शन जोड़ने के लिए सड़कों की खुदाई से नाराज विधायक खजान दास ने बृपस्पतिवार को एडीबी, लोनिवि और जल संस्थान अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आधे अधूरे कार्यों पर विभागीय अफसरों के टाल मटोल करने पर गुस्से से लाल हो गए। विधायक ने कहा कि एक-दूसरे के सिर पर टोपी रखने के बजाय कार्य में तेजी लाओ। विधायक ने अफसरों को पांच दिन के भीतर खुदी सड़कों को ठीक करने की चेतावनी दी है।
एडीबी और जल संस्थान ने देहरादून की सड़कों को खोदकर बुरा हाल किया है। कहीं लाइन बिछाई जा रही है तो कहीं कनेक्शन दिए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग भी सड़कों की मरम्मत से पल्ला झाड़ रहा है। राजपुर विधानसभा में सड़कों की खुदाई से नाराज विधायक खजान दास से दो जनवरी को एडीबी अफसरों की बैठक ली थी। इस दौरान एडीबी के प्रोजेक्ट की रिपोर्ट तलब की थी। एडीबी ने अपना पल्ला झाड़ते हुए जल संस्थान और लोनिवि पर टाल दिया था। हालांकि हालात न सुधरने पर विधायक ने बृहस्पतिवार को एडीबी के अलावा लोनिवि, जल संस्थान और एडीबी के अफसरों को बुलाकर कार्यों की समीक्षा की। बैठक में भी अफसर सड़कों की बदहाली के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराने लगे। इस पर विधायक भड़क गए और जमकर फटकार लगाई। विधायक ने कहा कि उन्हें गुमराह करने की कोशिश न करें। सड़कों की हालत उन्हें पता है। विधायक ने अफसरों से मासिक प्रगति रिपोर्ट शनिवार तक देने को कहा है। इसके अलावा तीनों विभागों को संयुक्त रूप से राजपुर विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के गड्ढे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने कहा कि पांच दिन के बाद सड़कों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर गड्ढे मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में एडीबी की अपर निदेशक झरना कमठान, परियोजना प्रबंधक विनय मिश्रा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसएस भंडारी, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता मनीष सेमवाल, जल निगम के अभियंता इमरान अहमद समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
संस्था पर मुकदमा और अफसर होंगे निलंबित : विधायक दास ने कहा कि खुदी हुई सड़कों के चलते किसी भी तरह की दुर्घटना होती है तो कार्यदायी संस्था को दोषी मानते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निलंबित किया जाएगा।
गुणवत्ता खराब होने पर होगी रिकवरी : एडीबी की अपर निदेशक झरना कमठान ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता खराब होने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के साथ रिकवरी की जाएगी।
लोनिवि करेगा एडीबी के अधूरे कार्य: एडीबी का अनुबंध 23 जनवरी को खत्म हो जाएगा। एडीबी को निर्धारित तिथि तक अपने प्रोजेक्ट पूरे करने हैं। इसके बाद भी कार्य अधूरे छूट जाते हैं तो उन्हें लोनिवि से कराया जाएगा।