ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
परेड ग्राउंड में चल रहे नेशनल हैंडलूम एक्सपो में उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प के उत्पादों के स्टॉलों पर सोमवार को भी ग्राहकों की भीड़भाड़ रही। उत्तराखंड में बनी साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हैं। उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद उद्योग निदेशालय ने एक्सपो में सोमवार तक सवा दो करोड़ का कारोबार कर रिकार्ड बनाया है।
उद्योग निदेशक सुधीर चंद्र नौटियाल ने पत्रकारों को बताया कि नेशनल हैंडलूम एक्सपो उत्तराखंड में 2002 से लग रहा है। इस साल भी एक्सपो में हथकरघा एवं हस्तशिल्प के स्टॉलों पर भीड़ उमड़ रही है। एक्सपो में सवा दो करोड़ का कारोबार हो चुका है। एक्सपो 13 जनवरी तक है। निदेशक के मुताबिक एक्सपो समापन तक करीब छह करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष साढ़े तीन करोड़ का कारोबार हुआ था।
सुधीर नौटियाल ने बताया कि पहली बार उत्तराखंड में बनी साड़ी को एक्सपो में लांच किया है। जय मां काली स्टॉल में उत्तराखंड की बनी साड़ियां महिलाओं को खूब भा रही हैं। कलकत्ता के मास्टर जगदीश विश्वजीत द्वारा साड़ियां रुड़की में बनाई जा रही हैं। एक्सपो में मुस्यारी और चमोली का थुलमा, चुटका और कोट की ग्राहकों में डिमांड है। निदेशक के मुताबिक बुनकरों द्वारा बनाए उत्पादों की 70 प्रतिशत सेल हैंडलूम एक्सपो से होती है। बुनकर देशभर में लगने वाले एक्सपो में प्रतिभाग करते हैं। वर्तमान में देहरादून के अलावा भुवनेश्वर, कानपुर समेत चार शहरों में हैंडलूम एक्सपो में स्टॉल लगाए हैं। इस दौरान नोडल अधिकारी शैली डबराल, मेला अधिकारी केसी चमोली, रियल होस्ट के डायरेक्टर संजय सिंह, जगमोहन बहुगुणा, आरके ममंगाई, कुंवर सिंह बिष्ट और केहकशा नूरी मौजूद थे।