रुद्रप्रयाग। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र भाणाधार का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम व सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे। बच्चों के बेबाकी से दिए जवाब सुन डीएम गदगद हुए। इस दौरान कक्षा 5वीं की छात्रा सुमन के लिखित व मौखिक सभी प्रश्नों के सही उत्तर देने पर डीएम ने शिक्षिका को छात्रा को नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने को कहा।
बुधवार को डीएम घिल्डियाल प्रात: 9 बजे स्कूल पहुंचे। कहा कि प्रशासनिक स्तर पर छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने अध्यापिका से बच्चों से टेस्ट पेपर हल कराने के साथ ही मासिक परीक्षा के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने एमडीएम के चावल की जांच करते हुए कक्षा कक्ष के उखड़े फर्श और छत से हो रहे बरसाती पानी के रिसाव को ठीक करने को भी कहा। इसके बाद डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर अगले माह से वजन और पोषण दिवस के अवसर पर आशा को भी आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थिति रहने की बात कही। उन्होंने गर्भवती महिलाओं व बच्चों को वितरित होने वाले पौष्टिक आहार, बच्चों की वजन पंजिका, वृद्धि चार्ट, टीकाकरण रजिस्टर, गर्भावस्था व प्रसव रिकार्ड का अवलोकन भी किया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी धर्मवीर सिंह, शिक्षिका सुबोधनी कांत, आंगनबाड़ी कार्यत्री आदि मौजूद थे।