ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
ऑल इंडिया एथलेटिक्स फेडरेशन ने इंडिया टॉप यूथ अंडर-18 एथलीटों की वर्ष 2018 की रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें देवभूमि के तीन खिलाड़ियों ने इंडिया टॉप यूथ अंडर-18 एथलीट की विभिन्न स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग एथलीटों के सालभर के प्रदर्शन के आधार पर जारी की जाती है।
इनमें आठ सौ मीटर रेस में अनु कुमार, पांच किमी वॉक रेस में सूरज पंवार व 10 किमी वॉक रेस में रोजी पटेल को प्रथम स्थान मिला है।आठ सौ मीटर में हर्ष दीप सिंह नौवें, पांच सौ मीटर में भरत वर्मा दूसरे व हर्षदीप 10वें स्थान पर रहे। 10 किमी वाक रेस में सूरज दूसरे, मुकेश कुमार तीसरे, परमजीत बिष्ट सातवें व राजन चौधरी 10वें स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 1500 मीटर में अंकिता ध्यानी चौथे व तीन हजार मीटर में नौवें स्थान रहीं। इस उपलब्धि पर रोजी पटेल और सूरज पंवार के कोच अनूप बिष्ट और उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव केजे कलसी ने खिलाड़ियों को उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।