ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उठाए गए सारे एहतियाती कदम फ्लाप साबित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो बृहस्पतिवार को पूरे राज्य में डेंगू के 51 नए मामले सामने आए हैं।
विभागीय अफसरों के मुताबिक सबसे अधिक 27 मरीज सिर्फ देहरादून व ऋषिकेश में चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा टिहरी में 14, हरिद्वार में सात मरीजोें में डेंगू बीमारी के लक्षण पाए गए हैं। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत ने बताया कि डेंगू प्रभावित इलाकों में टीमों को रवाना कर दिया गया है। इन इलाकों में एंटी लार्वा स्प्रे कराने के साथ ही लोगों को डेंगू बीमारी के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल समेत संबंधित जिलों के सीएमओ ने डेंगू मरीजों के बारे में जानकारी ली गई है। साथ ही मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के ही आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में अब तक डेंगू के 440 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें बीमारी से दो मरीजों की मौत हो चुकी है।