नई टिहरी। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को 48 घंटे तक अस्पताल में रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने जिला अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती महिलाओं को मदर बेबी किट का वितरण किया।
जिला अस्पताल बौराड़ी में महिलाओं को टिहरी विधायक ने मदर बेबी किट में बच्चा, महिला व उसके पति के लिए कपड़े, तौलिया और कंबल आदि रखा गया है। विधायक नेगी ने कहा कि प्रसव के बाद महिलाएं सीधे घर चली जाती हैं, जबकि इस दौरान मां और बच्चे को संक्रमण सहित कई अन्य खतरे बने रहते हैं। इसलिए उनको 48 घंटे अस्पताल में रहना जरूरी है। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह किट वितरित किया गया है। विधायक ने कहा कि जिला अस्पताल पीपीपी मोड के तहत हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट को दिया गया है। कहा कि नई टिहरी की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख बेबी असवाल, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, सीएमएस डा. यतेंद्र सिंह, डा. अमित राय, विनोद रतूड़ी, गुरु प्रसाद चमोली, उदय रावत, गंगा भगत नेगी, विवेक बधानी आदि मौजूद थे।
दूसरी ओर, विधायक नेगी ने चंबा ब्लॉक के दिवाड़ा, माणदा, छाती और नकोट गांवों का भ्रमण कर समस्याएं सुनी। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दिवाड़ा में छात्रों के लिए विधायक निधि से एक कंप्यूटर सेट और फर्निचर वितरित किया। विधायक ने छाती और नकोट गांव में हैंडपंप को स्वीकृति दी। दिवाड़ा गांव में विधायक निधि से बनी ग्रामीण पेयजल योजना, छाती गांव शिवालय में सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि गांव के लिए एक करोड़ 83 लाख की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग के टेंडर शुरू होने वाले हैं। नकोट प्राथमिक स्कूल के क्षतिग्रस्त भवन का प्रस्ताव भेज दिया है। गांव में विधायक निधि से सोलर लाइट लगाई गई है।