ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने की आरोपी शिक्षिका स्नेहलता को शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। इस बाबत अपर निदेशक माध्यमिक (गढ़वाल) महावीर सिंह बिष्ट ने शनिवार को निलंबन संबंधी आदेश जारी कर दिया है।
बता दें, बीती 16 जून को राजकीय इंटर कॉलेज सिवलीधार की सहायक अध्यापक के पति शिक्षक किशोर सिंह चौहान जोगीवाला में अपनी कार में मृत मिले थे। रायपुर पुलिस ने शुरुआत में इसे हार्ट अटैक माना था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होने की बात सामने आई थी। इसके बाद नए सिरे से हुई जांच में किशोर की पत्नी स्नेहलता और हरिद्वार पुलिस में तैनात सिपाही अमित पार्ले के संबंधों की जानकारी मिली। पूछताछ के दौरान दोनों ने किशोर चौहान को रास्ते से हटाने की बात स्वीकार की। अपर निदेशक माध्यमिक (गढ़वाल) महावीर सिंह बिष्ट के आदेश के अनुसार हत्यारोपी स्नेहलता को पुलिस ने 28 जून को हिरासत में लिया गया था। ऐसे में स्नेहलता को 28 जून से ही सस्पेंड माना जाएगा।