व्यक्तित्व, कौशल विकास के प्रति किया जागरूक
मसूरी। युवा छात्रावास में आयोजित कार्यशाला में युवाओं को व्यक्तित्व और कौशल विकास के प्रति जागरूक किया गया। कार्यशाला में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के ग्रामीण क्षेत्र के 32 बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया।
नेहरू युवा केंद्र संगठन के सहयोग से राष्ट्रीय राजीव गांधी युवा विकास संस्थान चंडीगढ़ की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला शुक्रवार को संपन्न हो गई। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र संगठन के निदेशक बीएस खोसा ने कहा कि इस प्रशिक्षण से युवाओं के व्यक्तिगत विकास को एक नई दिशा मिलती है। आज युवाओं में अनुशासन के साथ ही कौशल विकास की भी आवश्यकता है। नेहरू युवा केंद्र संगठन उत्तराखंड के मुख्य समन्वयक डॉ. योगेश धस्माना ने कहा कि राजीव गांधी युवा विकास संस्थान युवाओं के विकास और उनके रोजगार की दिशा में उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहा है। प्रशिक्षण प्रभारी रिजिन चंद्र ने उत्तराखंड के युवाओं की ऊर्जा और लगन की प्रशंसा की।