ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
टैक्सी से उतरकर जैसे ही एक दर्शक की निगाह स्टेडियम के उत्तर में पहाड़ पर पड़ी तो उनके मुंह से शब्द निकले, ‘माशाल्लाह, ये वादियां’। दरअसल वह टैक्सी अरब के कुछ क्रिकेट फैंस से भरी हुई थी, जो दोनों टीमों का दिलचस्प मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम में पहुंचने से पहले वह भी दून की खूबसूरती से अभिभूत हो गए।
मैच को लेकर जितना उत्साह स्थानीय लोगों में दिखा, उतना ही विदेशी दर्शक भी उत्साहित रहे। अपनी टीम को खेलते देखने के लिए अफ गानिस्तान से सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। इसके साथ ही अरब से भी दर्शकों ने देहरादून का रुख किया। दोनों देशों से दर्शक शाम के समय ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। फि र सीधे स्टेडियम आए। विदेशी दर्शक भी देहरादून स्टेडियम की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए। सबसे पहले दर्शकों ने स्टेडियम के दोनों ओर पहाड़ों को देखा और उत्तराखंड की खूबसूरती की तारीफ की। इसके बाद उन्होंने इशारों ही इशारों में स्टेडियम की व्यवस्था पर भी बात की। उनकी भाषा को ज्यादा कुछ तो नहीं समझ पाए लेकिन जानकारों ओर उनके साथ हिंदुस्तानी अरबी जानकारों ने बताया कि दर्शक व्यवस्था से अभिभूत हैं।