कीर्ति चक्र विजेता कर्नल इंद्र सिंह का 104 वर्ष की आयु में निधन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
कीर्ति चक्र विजेता कर्नल इंद्र सिंह का बृहस्पतिवार को 104 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए शहर स्थित रखा गया। इसके बाद हरिद्वार में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के पूर्व समादेशक (कमांडेंट) कर्नल इंद्र सिंह मूलरूप से पौड़ी जिले के थैलीसैंण ब्लॉक के बगेली गांव के निवासी थे। इसे राठ क्षेत्र भी कहा जाता है। उनका परिवार देहरादून में रेसकोर्स में रहता है। बृहस्पतिवार को निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को रेसकोर्स स्थित आवास में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां परिजन के साथ ही तमाम सैन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजली दी। आईएमए के कमांडेंट ले. जन. गंभीर सिंह नेगी भी श्रद्धांजली देने पहुंचे। इसके बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया गया।
हरिद्वार में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुखाग्नि दी। उनके निधन पर हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व विधायक एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शोक व्यक्त किया है।