ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने डबल इंजन की सरकार की नाकामियां गिनाने के उद्देश्य मंगलवार को ‘गांव बसाओ-राज्य बचाओ’ यात्रा की शुरुआत की। यात्रा को उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट ने पार्टी कार्यालय से रवाना किया।
इस मौके पर दिवाकर भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का डबल इंजन सरकार का नारा कोरा साबित हो रहा है। डबल इंजन की सरकार विकास के हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। राज्य के पर्वतीय इलाकों के करीब 3000 से अधिक स्कूल बंद हो गए हैं। सरकारी तंत्र शराब माफिया को अपरोक्ष रूप से लाभ पहुंचा रहा है। चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए सभी वादे कोरे साबित हो रहे हैं। केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव में उक्रांद सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके अलावा थराली विधानसभा उपचुनाव में भी स्थानीय प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाएगा। गढ़वाल मंडल के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास ने बताया कि ‘गांव बसाओ-राज्य बचाओ’ उत्तराखंड के मैदानी जिलों में ही में निकाली जा रही है। इस अवसर पर उक्रांद के पूर्व अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी, पुष्पेश त्रिपाठी, बीडी रतूड़ी, दिल्ली के अध्यक्ष बीडी जोशी, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रताप शाही संगठन, मंत्री नारायण सिंह राणा, बीके पाल, महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री, जय प्रकाश उपाध्याय, बहादुर सिंह रावत, आनंद मिश्रा समेत कई उपस्थित रहे। इस दौरान पंकज व्यास को गढ़वाल मंडल का केंद्रीय कार्यकारी प्रभारी घोषित किया।