ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
कूड़ा निरस्तारण के लिए नगर निगम प्रबंधन ने शासन से शीशमबाड़ा प्लांट के पास आठ हेक्टेयर जमीन मांगी है। वार्डों की संख्या के साथ कूड़े की मात्रा में इजाफा होने के बाद कूड़ा निस्तारण की कवायद के तहत निगम ने शासन को यह प्रस्ताव भेजा है। ताकि भविष्य में रुड़की और विकासनगर क्षेत्र का कूड़ा भी प्लांट आने के बाद निस्तारण में किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
जनवरी में शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू हो गया। प्लांट में शहर के मौजूदा 60 वार्डों का 350 मीट्रिक टन कूड़ा रोजाना भेजा जा रहा है। नगर निगम के सीमा विस्तार के बाद वार्डों की संख्या 100 हो गई है। वहीं, भविष्य में रुड़की, विकासनगर क्षेत्र के कूड़े को निस्तारण के लिए यहां लाने की योजना बनाई जा रही है। ऐसे में कूड़े की मात्रा में इजाफा होगा। जिसे देखते हुए अतिरिक्त जमीन की जरूरत पड़ेगी। नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने आठ हेक्टेयर जमीन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। जिसमें शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के पास ही जमीन देने की मांग की गई है।