ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सूबे के सीबीएसई से मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में नए सत्र से केवल एनसीईआरटी पुस्तकों की अनिवार्यता के सवाल पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अगर हम गलत होंगे तो पीछे हट जाएंगे, लेकिन सही हैं तो डटे रहेंगे और विरोध का सामना करेंगे।
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार को सीएम आवास में आयोजित शौर्य दिवस समारोह के दौरान मीडिया से रूबरू हुए। इसी सत्र से सभी विद्यालयों में एनसीईआरटी पुस्तकों की अनिवार्यता और निजी स्कूलों के विवाद के मामले में सीएम ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे। अगर कोई गलती है तो उसमें सुधार कर लेंगे, लेकिन अगर हम सही हैं तो फिर हर विरोध का सामना करने को तैयार रहेंगे। आपको बता दें कि सरकार के इस फैसले के विरोध में निजी स्कूलों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इसके अलावा सरकार द्वारा फैसला वापस न लेने पर अनिश्चितकाल के लिए स्कूलों में तालाबंदी की चेतावनी भी दी है। वहीं सरकार ने शनिवार को सभी स्कूलों की जांच के आदेश दिए थे।