ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बल्लूपुर चौक से गढ़ी कैंट चौक तक लगी स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन सोमवार को मेयर विनोद चमोली ने किया। नगर निगम ने 34 लाख रुपये की लागत से एलईडी लाइटें लगाई हैं। इनमें सात लाख रुपये एमडीडीए की ओर से दिए गए हैं। इसके अलावा 21 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइटों के खराब तार बदले गए हैं।
बल्लूपुर चौक से गढ़ी कैंट चौक तक की स्ट्रीट लाइटें कई साल से खराब पड़ी थीं। इनमें अधिकांश स्ट्रीट लाइटें शार्ट सर्किट के चलते बुझी गई थीं। स्ट्रीट लाइटों को सही कराने के लिए स्थानीय लोगों ने नगर निगम और एमडीडीए को कई बार ज्ञापन सौंपे थे। इसके बाद नगर निगम और एमडीडीए ने नए सिरे से प्रोजेक्ट तैयार कर स्ट्रीट लाइटें लगाईं। उद्घाटन अवसर पर नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, सुशील उनियाल गामा, सुशील गुप्ता, शारदा गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।