ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
मैं एक साल के अपने हर काम का हिसाब दूंगा। जनता को भी सरकार से हिसाब मांगने का अधिकार है। एक-एक मंत्री अपने काम का हिसाब देंगे। ये बातें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अखिल भारतीय गढ़वाल सभा के 68वें स्थापना दिवस समारोह में कहीं। इस दौरान गढ़वाल सभा की ओर से मुख्यमंत्री रावत सहित 32 लोगों को सम्मानित किया गया।
शनिवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और यहां के लोगों की पहचान कर्मठता, ईमानदारी एवं देशभक्ति से है। इसे और मजबूत बनाने की जरूरत है। हमें आने वाले समय में जो प्राप्त होगा, इसी के बलबूते होगा। इसी विश्वास और ईमानदारी के चलते आज उत्तराखंड के लोग देश की सुरक्षा और गोपनीयता से संबंधित संस्थानों में प्रमुख पदों पर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्मों की शूटिंग पर लगने वाला शुल्क अब नहीं लिया जाएगा। डाट काली की डबल लेन टनल को इस तरह से बनाया जाएगा कि प्रवेश करते ही पता चल जाए कि आप उत्तराखंड में आ गए हैं।
विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में गरीब छात्रों की पढ़ाई के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। आईआईटी की निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने गढ़वाल सभा की पुस्तिका कौथिग-2017 का विमोचन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मेयर विनोद चमोली, गढ़वाल सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना, महासचिव रमेंद्र कोटनाला, मदन मोहन डुकलान, श्री प्रसाद गैरोला, ठाकुर सिंह असवाल, मनोहर लाल जुयाल, गजेंद्र भंडारी, हेम चंद सकलानी, संगीता ढौंढियाल, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा आदि मौजूद रहे।
--
मुंबई में ठहरने के लिए निशुल्क मिलेगा भवन
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुंबई स्थित उत्तराखंड भवन में दो कमरे उत्तराखंड के लोगों के लिए रिजर्व हैं। यहां मरीजों के साथ इलाज ही के लिए जाने वाले लोगों की रहने की निशुल्क व्यवस्था होगी।
--
सीएम सहित 32 लोगों का हुआ सम्मान
समारोह में कौथिग-2017 के सफल आयोजन के लिए अखिल भारतीय गढ़वाल सभा की ओर से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत सहित 32 लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें मेयर विनोद चमोली, टीएस असवाल, शिवानंद चमोली, श्रीप्रसाद गैरोला, राकेश गैरोला, रजनीश गर्ग, दीपक उनियाल, ईरा कुकरेती, जयदीप सकलानी, अखिलेश अग्रवाल, अशोक, नवभारत संघ, उत्तराखंड महिला मंच, राज्य आंदोलनकारी मंच, राठ जन विकास समिति आदि शामिल हैं।
--
स्कूलों में पढ़ाई जाए गढ़वाली, कुमाऊंनी
समारोह में अखिल भारतीय गढ़वाल सभा की ओर से गढ़वाली और कुमाऊंनी को स्कूलों के पाठ्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल करने की मांग की गई। सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना ने कहा कि इसके लिए पाठ्यक्रम बनाने की जिम्मेदारी गढ़वाल सभा को दी जाए। उन्होंने गढ़वाली, कुमाऊंनी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की भी मांग की।
--
संगीता की प्रस्तुति ने मन मोहा
समारोह में लोक गायिका संगीता ढौंडियाल एवं साथी कलाकारों संगीता, सुलोचना, पुष्पा ने देव वंदना दैणा होया मोरी का गणेशा की प्रस्तुति के साथ ही लोक गीतों की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।