ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
डाकरा स्थित दुर्गा मंदिर में रविवार को श्री खाटू श्याम सेवा मंडल डाकरा और एंटी करप्शन क्राइम पेट्रोल संस्था की ओर से कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा व्यवस्था समेत आठ विषयों में से बच्चों ने अपने पसंदीदा विषय पर आधारित चित्र कैनवास पर उकेर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीन वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पुरस्कृत किया।
इस दौरान विधायक गणेश जोशी ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान 22 जनवरी 2015 से शुरू हुआ। मुख्य फोकस हरियाणा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, बिहार, दिल्ली और उत्तराखंड राज्यों में महिला लिंग अनुपात को उच्चतम स्तर पर लाना था। उन्होंने कहा कि देहरादून का पर्यावरण भी अब कानपुर, लखनऊ और गाजियाबाद जैसे महानगरों की तरह हो गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें जिम्मेदारी निभानी होगी और अधिक से अधिक पौधों का रोपण करना होगा।
श्री खाटू श्याम सेवा मंडल डाकरा के प्रतिनिधि हरिराम गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में 146 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कक्षा तीन से पांच, कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से 10 तक तीन श्रेणियों में प्रतियोगिता कराई गई। 13 प्रतिभागियों ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर संजय अग्रवाल, महंत भरत गिरी, पंडित सुभाष सम्पत्ति, मयूर गुप्ता, श्रीकांत वर्मा, विनय गुप्ता, अंकुर अग्रवाल, संजय, राजेश अग्रवाल, अंचल गुप्ता, टीडी भूटिया, संजय नौटियाल, अनुज रोहिला मौजूद थे।