ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 24 दिसंबर को दून विश्वविद्यालय, मोथरोवाला में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। अस्पताल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर आदि की निशुल्क जांच की जाएगी।
रविवार को दून विवि में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के मेडिसिन विभाग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, शिशु रोग विभाग, नाक-कान-गला रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग, सर्जरी विभाग और दंत रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक रोगियों को परामर्श देंगे। मरीजों की स्वास्थ्य जांच के साथ ही उन्हें निशुल्क दवा दी जाएगी। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल और अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन का ध्येेय है कि जरूरतमंदों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं और रियायती दराें पर गरीबों को उपचार मिले।