पौड़ी। पेयजल निगम की द्वितीय निर्माण शाखा को देहरादून शिफ्ट करने के विरोध में स्थानीय सामाजिक संगठनों और छात्र नेताओं ने मुख्य अभियंता कार्यालय में तालाबंदी की। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि दफ्तर शिफ्ट करने का फैसला जल्द वापस नहीं लिया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। दफ्तर में मौजूद अफसरों ने उनकी बात को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी वहां से हटने को तैयार हुए। उधर, शहर के जागरूक लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर दफ्तर को यहां से शिफ्ट न करने की गुहार लगाई है।
बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र नेता पेयजल निगम के गढ़वाल मंडल के मुख्य अभियंता के दफ्तर पहुंचे। छात्रों ने शिफ्टिंग का विरोध करते हुए नारेबाजी की और दफ्तर पर ताला लगा दिया। अफसरों के समझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए, लेकिन चेतावनी दी कि अगर द्वितीय निर्माण शाखा को शिफ्ट किया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष नेगी, मोहित सिंह, शिवम नौटियाल, मुकेश, हरीश, अजय, राकेश आदि शामिल थे। उधर, नागरिक कल्याण मंच के बैनर पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर दफ्तर को पौड़ी में ही रहने देने का अनुरोध किया गया है। ज्ञापन में दिनेश बड़थ्वाल, ललित कोठियाल, रघुवीर सिंह रावत, सभासद अरविंद नौटियाल, महावीर सिंह, पदमेंद्र सिंह नेगी, बृजेंद्र सिंह रावत आदि के हस्ताक्षर हैं।