शहरी इलाकों में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है। देहरादून, ऋषिकेश और डोईवाला शहरों में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 30 लाख की लागत के 17-हाईप्रेशर डी-वाटरिंग पंप खरीदे गए हैं। सोमवार को जिलाधिकारी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से इन सभी डी-वाटरिंग पंपों को संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध करा दिया। उन्होंने एजेंसियों को निर्देश दिए कि शहरी इलाकों में संवेदनशील चौक-चौराहे व जंक्शनों पर शीघ्र डी-वाटरिंग पंप स्थापित किए जाएं। अतिवृष्टि में जलभराव होने पर न्यूनतम रिस्पांस टाइम में जल निकासी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने नगर निगम ऋषिकेश को चार, डोईवाला को दो, तहसील ऋषिकेश को एक, देहरादून में आपदा प्रबंधन, नगर निगम, जल निगम, जल संस्थान, स्मार्ट सिटी, सिंचाई एवं क्यूआरटी को 10 डीवाटरिंग पंप अन्य उपकरणों के साथ वितरित किए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार सहित जल संस्थान, जल निगम, सिंचाई आदि विभाग के अधिकारी मौजूद थे।