ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
11 अप्रैल को सुबह पहले मतदान फिर करें जलपान। इसी नारे के साथ मंगलवार को द हिंट संस्था ने चकराता रोड स्थित आईटीएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मतदान का संकल्प दिलाया। साथ ही अपने परिजनों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की बात कही।
अमर उजाला मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज के संस्थापक निदेशक निशांत थपलियाल ने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल को होने वाले मतदान में सभी लोग सुबह सबसे पहले मताधिकार का प्रयोग करें।
विशेषकर युवाओं को किसी भी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना चाहिए। इसके बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं चकराता रोड और यमुना कॉलोनी क्षेत्र में रैली निकालकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. विनोद खन्ना, डॉ. कुलदीप ममगाईं, मनीष काला, डॉ. प्रणव ममगाईं आदि शामिल रहे।