जल्द ही बड़े पर्दे पर पहाड़ का दर्द दिखाया जाएगा। अगले महीने से ‘द ब्रेक चाइल्ड’ फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। फिल्म की कहानी एक 11 वर्षीय बच्चे के इर्दगिर्द बुनी गई है। जो पहाड़ में होने वाली समस्याओं से जूझता है। इस फिल्म में 22 स्थानीय कलाकारों को भी मौका मिलेगा। फिल्म के निर्देशक और लेखक देहरादून निवासी अश्वनी डंगवाल हैं।
अश्वनी डंगवाल ने बताया कि वे खुद उत्तराखंडी हैं। दिली इच्छा थी कि पहाड़ की समस्याओं को बड़े पर्दे पर दिखाया जाए। फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता रघुवीर यादव निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी 11 वर्षीय पहाड़ी बच्चे तथास्तु की है। जिसके गांव में सड़क नहीं है, अस्पताल बहुत दूर है जैसी तमाम दिक्कतें हैं। इन समस्याओं का समाधान वह कैसे निकालता है, इन सब तथ्यों को फिल्म में दिखाया जाएगा। इसके अलावा पिथौरागढ़ निवासी कृष्णा बिष्ट भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे।
इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी फिल्म
अश्वनी डंगवाल ने बताया कि 'द ब्रेक चाइल्ड' फिल्म की कहानी उन्होंने पांच साल पहले लिखनी शुरू की थी। करीब दो साल से उत्तराखंड के कई लोकेशन खोजने के बाद कहानी पूरी की। फिल्म अगले वर्ष इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी। इसके बाद इसे देश में लांच किया जाएगा।
माल देवता क्षेत्र के आसपास होगी शूटिंग
डंगवाल ने बताया कि फिल्म की करीब-करीब पूरी शूटिंग माल देवता क्षेत्र के आसपास की जाएगी। अधिकतर लोकेशन फाइनल कर दी गई हैं। अप्रैल से फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी जाएगी।
फिल्म में नहीं होगा कोई गाना
अश्वनी बताते हैं कि फिल्म में कोई भी गाना नहीं है। यह अपने आप में प्रयोग है। हमारा फोकस कहानी पर है। इसके अलावा फिल्म में पहाड़ी टोन का भी इस्तेमाल किया गया है।
जानिये अश्वनी डंगवाल के बारे में
देहरादून के बद्रीश कॉलोनी निवासी अश्वनी डंगवाल ने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर फिल्म ‘हमदम’ के साथ की थी। जो वर्ष 2005 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अभिनीत फिल्म 'वीर' में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया। इसके अलावा उन्होंने सनी देओल अभिनीत फिल्म 'मोहल्ला अस्सी' तथा 'जीनियस' में चीफ असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया है। 'जीनियस' की शूटिंग पिछले वर्ष देहरादून और मसूरी में की गई थी। उन्होंने वर्ष 2012 में ‘एक सवाल’ शॉर्ट फिल्म भी बनाई थी, जिसे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में काफी सराहा गया था। 'द ब्रेक चाइल्ड' उनके कॅरियर की पहली फिल्म है, जिसका लेखन और निर्देशन खुद कर रहे हैं।