ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मैन ऑफ द मैच एंड्रू बलबीरनी की 145 रनों की शानदार शतकीय पारी और जॉर्ज डॉकरेल के 54 रनों की पारी के दम पर आयरलैंड ने अफगानिस्तान को तीसरे एक दिवसीय मुकाबले में चार विकेट से हराकर दून में पहली जीत दर्ज की।
दून स्थित राजीव राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को अफगानिस्ता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आयरलैंड की शानदार गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम आठ विकेट पर 256 रन ही बना पाई। जवाब में आयरलैंड ने एक ओवर रहते 260 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ आयरलैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबर कर ली है।
दमदार साझेदारी
आयरलैंड टीम ने एक समय चार विकेट सिर्फ 73 रन पर गंवा दिए थे। ऐसे में मुश्किल में फंसी टीम को एंड्रू बलबीरनी और जॉर्ज डॉकरेल ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 143 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब ले गए।
बलबीरनी का तीसरा शतक
तीसरे एकदिवसीय मैच में एंड्रू बलबीरनी ने न केवल अपनी शतकीय पारी की बदौलत टीम को जीत दिलाई, बल्कि इस मुकाबले में उन्होंने अपना तीसरा एक दिवसीय सैकड़ा भी पूरा किया। एंड्रू ने आठ छक्के और आठ चौके जड़े।
टिम मुरटाग और रैंकिंन का धमाल
आयरलैंड के तेज गेंदबाज टिम मुरटाग और बॉयड रैंकिंन ने गेंदबाजी में जबरदस्त प्रदर्शन किया। दोनों ने दो-दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर ला खड़ा किया। मुरटाग ने मो. शहजाद 05 और राशिद खान को 8 रनों पर आउट किया। रैंकिंन ने अफगानिस्तान के कप्तान असगर अफगान को 75 के निजी स्कोर व आलराउंडर मो. नबी को महज 2 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके अलावा जॉर्ज डॉकरेल गेम्स कैमेरन व एंडी मैकब्राइन ने एक एक विकेट झटके।
97 पर नजीबुल्लाह का छूटा कैच
पहली पारी के अंतिम ओवर में रैंकिंन की तीसरी गेंद पर नजीबुल्लाह जदरान का कैच 97 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर छूट गया। इसके बाद नजीबुल्लाह ने अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर अपना शतक पूरा किया। इस शतक के साथ ही नजीबुल्लाह ने अपने करिअर की पहली सेंचुरी पूरी की। नजीबुल्लाह ने 98 गेंदों का सामना करते हुए पांच छक्के और पांच चौके जड़े।
मो. शहजाद रहे फ्लॉप
अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज मो. शहजाद को टी मुरटाग ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर पगबाधा कर दिया। इसके बाद रहमत शाह 1 रन और कुछ देर बाद हजरतुल्लाह जजई 34 रन बनाकर पावेलिन लौट गए।
----
जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया तब टीम पर बहुत दबाव था। टीम को जीत दिलाने में मेरी पारी काम आई। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। हमने यहां पहला मैच भी जीता।
-एंड्रू बलबीरनी, मैन ऑफ द मैच
---
एंड्रू बलबीरनी और जॉर्ज डॉकरेल ने अच्छा खेल दिखाया। मैं अपने प्रदर्शन से नाखुश हूं। आगे के मैचों में जीत कर सीरीज जीतना चाहूंगा।
-विलियम पॉटलफील्ड, कप्तान आयरलैंड
---
हमारे ऊपर के बल्लेबाजों ने आज खराब खेल दिखाया। इसके अलावा खिलाड़ियों ने कैच भी छोड़, जो हार का कारण बना। अगले मैच में हम वापसी करना चाहेंगे।
-असगर अफगान, कप्तान अफगानिस्तान