‘स्वाइन फ्लू’ से महिला की मौत, सात में बीमारी की पुष्टि
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक और महिला मरीज की बुधवार को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि पांच मरीजों में बीमारी की पुष्टि हुई है। मरीजों का दून अस्पताल के अलावा विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ. एसके गुप्ता ने बताया कि मसूरी निवासी 60 वर्षीय महिला को गंभीर हालत में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू के सात नए मरीज सामने आए हैं। इन सभी मरीजों के खून के नमूने जांच के लिए दिल्ली स्थित एनसीडीसी लैब को भेजे गए थे, जहां प्रयोगशाला में जांच के बाद उनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। फिलहाल मरीजों का इलाज जारी है।
उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू से अब तक राज्य में 25 मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक फ्रांस का नागरिक भी शामिल है। अब तक 160 मरीजों में बीमारी की पुष्टि हो चुकी है। सबसे अधिक 117 मरीजों का श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में इलाज किया गया। जबकि मैक्स अस्पताल में 22, दून अस्पताल में आठ, सिनर्जी अस्पताल में आठ, कैलाश अस्पताल में चार मरीजों को भर्ती कराया गया।
---
स्वाइन फ्लू के लक्षण
- मरीज को गंभीर जुकाम होता है।
- आंखें लाल हो जाती हैं और पानी निकलता है।
- शरीर में गंभीर दर्द होता है।
- मरीज की सांस फूलने लगती है।
- स्थिति गंभीर होने पर फेफड़ों में पानी भर जाता है।
---
ऐसे करें बचाव
- घर से बाहर जब भी निकलें मॉस्क लगाकर निकलें।
- खाने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं।
- यदि किसी को जुकाम हो तो उससे पर्याप्त दूरी बनाकर बात करें।
- यदि किसी को स्वाइन फ्लू है तो उससे कतई न मिलें।
- अस्थमा पीड़ित को विशेष एहतियात बरतने की जरूरत होती है।
-- यदि किसी को स्वाइन फ्लू तो उसे छींकते समय रुमाल का इस्तेमाल करना चाहिए।