ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। ग्रीन पार्क नंबर-28 में डेढ़ साल से लटकी पेयजल योजना के शिलान्यास के दौरान विधायक विनोद चमोली ने कार्य में देरी के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। कहा, हम काम करना चाहते हैं। लेकिन, सिस्टम बेहद धीमा और गैर जिम्मेदार हैं। इनकी वजह से योजनाएं धरी की धरी रह जाती हैं और लोगों को योजनाओं को लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि जिस योजना का उद्घाटन वह कर रहे हैं, वह डेढ़ साल पहले शुरू हुई थी। दो बरसात खत्म होने के बाद अब इस पर काम शुरू हो रहा है। विभागीय अधिकारियों ने समय से योजना का टेंडर न निकाल कर काम आज तक लटकाए रखा।
रविवार को विधायक विनोद चमोली और मेयर सुनील उनियाल गामा ने संयुक्त रूप से अमृत योजना के तहत ग्रीन पार्क में पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इस दौरान धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि सौंग नदी पर बांध बनने से नगर निगम में आने वाले सभी लोगों को 24 घंटे पानी मिलेगा। इसके लिए प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है। इस दौरान मेयर गामा ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि इस पेयजल योजना का काम दिसंबर-2019 तक पूरा करने का समय रखा गया है। उम्मीद है विभाग समय से काम पूरा करवाएगा। इस योजना से ग्रीनपार्क, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, राजीव नगर, प्रीत विहार आदि क्षेत्र में रहने वाले लोगों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में पार्षद संदीप कश्यप, पूर्व पार्षद नीरज शेट्टी, शशी भूषण, जीपी सिंह समेत क्षेत्र कई कई लोग मौजूद रहे।