ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
देश की सुरक्षा के लिए विभिन्न युद्धों में अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय देने वाले 3/1 गोरखा राइफल्स के शहीदों को बटालियन के पूर्व सैनिकों ने याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार को पूर्व सैनिकों की ओर से बटालियन के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गढ़ी कैंट स्थित गोरखा सुधार सभा के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ब्रिगेडियर दास गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बताया कि बटालियन की स्थापना दून में पांच दिसंबर 1961 में हुई थी। इसके बाद से बटालियन के जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए विभिन्न युद्धों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूर्व ले. नमोनारायण थापा ने बताया कि बटालियन ने पाकिस्तान के साथ 1965 और 1971 में हुए युद्ध के साथ ही 1991 में हुए कारगिल युद्ध समेत विभिन्न युद्धों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बटालियन के जवान कर्नल शलभ पुन और सूबेदार मेजर बीर बहादुर के नेतृत्व में अहमदाबाद के गांधी नगर में तैनात हैं। वहीं, कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद बटालियन के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर जनरल आरपी सिंह, कैप्टन राम प्रसाद प्रधान, सूबेदार गोपाल, सूबेदार रमन थापा, सूबेदार अनूप थापा आदि मौजूद रहे।