ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
शौर्य दिवस की पूर्व संध्या पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग परिषद भारत की ओर से ओएनजीसी सभागार में ‘सुरमई शाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि विजय दिवस पर मनाए जाने वाले इस कार्यक्रम से देश के नवयुवकों का आकर्षण सेना की तरफ बढ़ेगा और इससे भारतीय सैनिकों का भी मनोबल बढ़ेगा। उन्हीं के शौर्य एवं बलिदान के कारण ही हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड में पुराने समय से ही सैन्य सेवा में जाने की गौरवमयी परंपरा रही है, जो आज भी कायम है। साथ ही उन्होंने कैप्टन शैलेंद्र कश्यप, कर्नल बीडी डंगवाल, ब्रिगेडियर, आर एस रावत, कैप्टन एस एस कोठियाल को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व लंदन से आई अप्रवासी संगीतकार स्वाति नाटेकर ने सुरमई संगीत की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर विधायक हरबंस कपूर, ओएनजीसी के वाईके श्रीवास्तव, प्रीता पंत, राजीव बैरी, दयानंद चंदोला, मधु बैरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।